Railway Bonus 2025: बड़ी खुशखबरी! रेलवे कर्मचारियों को दिवाली पर मिलेगा बड़ा बोनस?
रायपुर। रेलवे कर्मचारियों को इस बार दिवाली पर बड़ा तोहफा मिल सकता है। सातवें वेतनमान लागू होने के बावजूद अब तक बोनस छठे वेतनमान के आधार पर दिया जा रहा था, जिसके तहत कर्मचारियों को 17,951 रुपये बोनस मिलता है। लेकिन अब सातवें वेतनमान के हिसाब से बोनस देने की मांग ने रफ्तार पकड़ ली है।
7वें वेतनमान के आधार पर 46,176 रुपये बोनस की उम्मीद
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन यूनियन ने हाल ही में रेल मंत्रालय और प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर बोनस की गणना सातवें वेतनमान के न्यूनतम वेतन पर करने की मांग की थी। यूनियन का कहना है कि जब सातवां वेतनमान लागू है, तो बोनस भी उसी के आधार पर मिलना चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मांग को वित्त मंत्रालय को फॉरवर्ड करने की सूचना फोन के जरिए दी है। यदि मांग पर सहमति मिलती है तो कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये के आधार पर 78 दिन का बोनस मिल सकता है, जिसकी राशि करीब 46,176 रुपये होगी।
अभी तक मिलता है 17,951 रुपये का बोनस
रेलवे कर्मचारियों को हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा पर उत्पादन आधारित बोनस दिया जाता है। यह बोनस रेलवे की सालाना आय— माल ढुलाई और यात्री परिवहन से होने वाली कमाई— पर निर्भर करता है। वर्तमान में 7,000 रुपये न्यूनतम वेतन (छठा वेतनमान) को आधार मानकर 78 दिन का बोनस 17,951 रुपये दिया जाता है। यूनियन का कहना है कि यह मेहनतकश कर्मचारियों के साथ अन्याय है और अब इसे सातवें वेतनमान के अनुरूप संशोधित किया जाना चाहिए।
सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें
यूनियन ने रेल मंत्री और प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द इस पर फैसला लेने की अपील की है। कर्मचारियों का मानना है कि यदि दिवाली से पहले यह घोषणा होती है, तो यह लाखों रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत और खुशी की खबर होगी।
