आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया: ‘ये क्रूरता और अदूरदर्शिता है’
Rahul Gandhi's reaction to Supreme Court'
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों को हटाने और स्थायी रूप से शेल्टर होम में रखने के आदेश पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कड़ा विरोध जताया है। राहुल गांधी ने कहा कि यह फैसला मानव और विज्ञान-आधारित दशकों पुरानी नीति से पीछे हटने जैसा है।
राहुल गांधी ने कहा, “ये बेजुबान कोई समस्या नहीं हैं जिन्हें खत्म किया जाए। शेल्टर, नसबंदी, वैक्सीनेशन और सामुदायिक देखभाल ही सड़कों को सुरक्षित बनाने का मानवीय तरीका है। लेकिन अचानक सामूहिक रूप से इन्हें हटाना क्रूर, अदूरदर्शी और करुणा से रहित कदम है।”
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया था कि दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी की जाए और इन्हें स्थायी रूप से शेल्टर होम में रखा जाए। कोर्ट ने आठ हफ्तों में शेल्टर होम बनाने और छह हफ्तों में 5000 कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू करने का आदेश दिया था, जिसकी शुरुआत संवेदनशील इलाकों से करने को कहा गया। साथ ही, इस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भी निर्देश दिया गया था।
