राहुल गांधी की ‘हाइड्रोजन बम’ वाली ‘ब्राजीली मॉडल’ आई सामने!, कहा- ‘क्या पागलपन है, मैं भारत नहीं गई’
राहुल ने जिसकी फोटो दिखाई वह ब्राजीलियन मॉडल सामने आई
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई गई ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर पर अब नई बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में खुद मॉडल ने कहा है कि उनकी तस्वीर का इस्तेमाल भारत की वोटर लिस्ट में किया जा रहा है, जो पूरी तरह फर्जी और बेतुका है।
मॉडल ने कहा – “भारत की राजनीति से मेरा कोई संबंध नहीं”
वायरल वीडियो में महिला, जो पुर्तगाली भाषा में बोल रही हैं, कहती हैं — “दोस्तों, एक भयानक मजाक चल रहा है। मेरी तस्वीर भारत में वोट देने के लिए इस्तेमाल हो रही है। मुझे भारतीय बताकर लोग झगड़ रहे हैं। मैं कभी भारत गई ही नहीं। यह कितना अजीब है!” सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि इस महिला का नाम लेरिसा (Larissa) है, जो पहले ब्राजील में मॉडल रही हैं। हालांकि इस वायरल वीडियो की https://youthwings.in/ पुष्टि नहीं करता है
राहुल गांधी ने उठाया था हरियाणा में फर्जी वोटिंग का मुद्दा
बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोट चोरी हुए। उन्होंने प्रजेंटेशन में एक विदेशी महिला की तस्वीर दिखाते हुए कहा था — “हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन लड़की का क्या काम है? इस फोटो से कभी सीमा, स्वीटी या सरस्वती के नाम पर 10 बूथों में 22 वोट डाले गए।” राहुल ने मॉडल का नाम नहीं बताया था, लेकिन यह तस्वीर अब Unsplash वेबसाइट पर उपलब्ध स्टॉक इमेज के रूप में सामने आई है।
फोटो 2017 में अपलोड हुई थी, 5.9 करोड़ बार देखी जा चुकी
यह तस्वीर फोटोग्राफर मैथियस फेरेरो द्वारा Unsplash.com पर 2 मार्च 2017 को अपलोड की गई थी। तब से इसे 5.9 करोड़ से अधिक बार देखा गया और 4 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया है। राहुल गांधी ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसी फोटो का इस्तेमाल फर्जी वोटिंग का उदाहरण देने के लिए किया था।
मॉडल ने बताया – बिना अनुमति इस्तेमाल हुई मेरी तस्वीर
अपने वीडियो में लेरिसा ने कहा — “वह फोटो मेरे मॉडलिंग के शुरुआती दिनों की है, जब मैं 18 से 20 साल की थी। अब मैं मॉडल नहीं हूं। यह तस्वीर स्टॉक प्लेटफॉर्म से ली गई और बिना मेरी इजाज़त के इस्तेमाल की जा रही है। भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।”
राहुल का नया आरोप – बिहार में भी चल रहा है ‘ऑपरेशन सरकार चोरी’
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे हरियाणा में फर्जी वोटिंग हुई, वैसे ही अब बिहार में भी यही खेल चल रहा है। उन्होंने बिहार के पांच वोटरों को मंच पर बुलाकर बताया कि उनके नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। राहुल के अनुसार, यह सब लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है।
