पुष्पा स्टाइल गांजा तस्करी का भंडाफोड़: मॉडिफाइड कार से 19 किलो गांजा जब्त

पुष्पा स्टाइल गांजा तस्करी

पुष्पा स्टाइल गांजा तस्करी

रायगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बेहद शातिर तरीके का खुलासा किया है। आरोपी फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर कार को खास तरीके से मॉडिफाई कर उसके दरवाजों और बैक लाइट के भीतर गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है।

ऑपरेशन आघात के तहत संयुक्त कार्रवाई

मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत थाना लैलूंगा और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि पत्थलगांव क्षेत्र का एक व्यक्ति ओडिशा से गांजा लोड कर रायगढ़ लाने के बाद दूसरे राज्यों में सप्लाई करने वाला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शशि मोहन सिंह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

घेराबंदी देख भागने लगे तस्कर

1 मार्च को चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार (CG 13 UG 9683) को लैलूंगा थाना क्षेत्र के पाकरगांव अटल चौक के पास रोका गया। पुलिस को देखकर आरोपी कच्चे रास्ते की ओर गाड़ी मोड़कर फरार होने की कोशिश करने लगे, लेकिन चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।

गुप्त चेंबर से मिला 19 किलो गांजा

वाहन की तलाशी लेने पर कार के दरवाजों और बैक लाइट के भीतर बनाए गए गुप्त चेंबर सामने आए। इन्हीं चेंबरों में करीब 19.115 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17.65 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद और महेंद्र प्रसाद चौहान बताया।

प्रति 10 किलो पर मिलते थे 10 हजार रुपए

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पत्थलगांव के महेशपुर निवासी रामकुमार कुजूर उन्हें ओडिशा से गांजा लाने के बदले हर 10 किलोग्राम पर 10 हजार रुपए देता था। इसी लालच में वे लगातार गांजा तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के साथ-साथ फरार आरोपी रामकुमार कुजूर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

होली पर कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Youthwings