धान अंतर राशि पर सियासी संग्राम, भूपेश बघेल का पंकज झा को जवाब
रायपुर । रायपुर में धान की अंतर राशि के एकमुश्त भुगतान को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी बढ़ गई। झा ने अपने पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को योजना का बड़ा लाभार्थी बताते हुए तंज कसा था।
इस पर भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार किया। उन्होंने लिखा कि किसान हैं तो मेहनत कर धान उगाया और बेचा, इसलिए पैसा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने खाद और पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई, इसके बावजूद किसानों ने मेहनत कर फसल तैयार की।
भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने का प्रयास किया और ईमानदारी से वादा निभाया। उन्होंने भाजपा के 15 साल के शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान किसान आत्महत्या कर रहे थे, जबकि उनकी सरकार ने किसानों को सम्मान और हक का पैसा दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री के 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी सवाल उठाया। साथ ही भाजपा पर आरोप लगाया कि किसानों की मेहनत की कमाई को गलत शब्दों में पेश किया जा रहा है। बघेल ने कहा कि यह किसानों की मेहनत का पैसा है और इसे लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
