पंजाब में CBI का बड़ा एक्शन: भगवंत मान के ओएसडी के घर रेड, CM बोले- ‘जनता के प्यार से डरी BJP’
चंडीगढ़। पंजाब की सियासत में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर अचानक छापेमारी शुरू कर दी। सीआरपीएफ जवानों के कड़े सुरक्षा घेरे के साथ दो गाड़ियों में पहुंची सीबीआई की टीम ने परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके साथ ही मोहाली और संगरूर के घराचों गांव स्थित मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुम्मन के आवास पर भी एजेंसी की छापेमारी जारी है।
कथित पोस्टिंग और टेंडर घोटाले में हाईकोर्ट के आदेश पर एक्शन
सीबीआई की यह कार्रवाई पंजाब में सामने आए कथित ‘कैश फॉर पोस्टिंग’ और टेंडर घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में की जा रही है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपी थी और दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ सोमवार देर रात सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन शीर्ष अदालत में सुनवाई से पहले ही जांच एजेंसी ने एक्शन शुरू कर दिया।
सीएम भगवंत मान का पलटवार: ‘बीजेपी को सता रहा हार का डर’
कैंप ऑफिस पर हुई इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते देख बीजेपी घबरा गई है और सरकार को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि पंजाब की जनता से मिल रहे अपार समर्थन और प्यार से घबराकर ही यह छापेमारी कराई गई है।
