Bhupesh Baghel Press Conference: भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला, बोले– ‘बीजेपी सरकार संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही, लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है’
Bhupesh Baghel Press Conference
रायपुर। Bhupesh Baghel Press Conference: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।
भूपेश बघेल ने कहा कि, “लोकतंत्र को मजबूत करने वाले जो संस्थान हैं, वही अब सरकार के दबाव में कमजोर किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग, जिस पर निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी है, आज संदेह के घेरे में है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत के लोकतंत्र में तीन प्रमुख स्तंभ हैं—विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका। लेकिन जब ये तीनों एक ही सुर में बोलने लगें, तो लोकतंत्र की स्वतंत्रता पर गंभीर खतरा पैदा हो जाता है।
पूर्व सीएम ने कहा कि आज जांच एजेंसियां और आयोग बीजेपी के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की कोशिश की जा रही है। यहां तक कि कुछ मामलों में जांच अधिकारियों की ओर से मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
LIVE: लोकतंत्र की जड़ों पर हमला (महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता) राजीव भवन, रायपुर https://t.co/5bP6D9iEDw
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) October 12, 2025
भूपेश बघेल ने कहा, “हमारी पहली मांग है कि इन घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। साथ ही, उन अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए जिन्होंने न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है। ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी ऐसे दुस्साहस की हिम्मत न करे।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहेगा जब उसकी संस्थाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी, न कि किसी राजनीतिक दबाव में।
