Police-Naxalite Encounter: कोंडागांव में गोलियों की गूंज, हथियार छोड़ भागे नक्सली

Police-Naxalite Encounter

Police-Naxalite Encounter

Police-Naxalite Encounter: कोंडागांव जिले के नालाझार इलाके में गुरुवार रात पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने अचानक पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। हालांकि जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली भागने पर मजबूर हो गए। इस दौरान एक ग्रामीण घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर निकली थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, कन्हारगांव थाना क्षेत्र में नक्सलियों की सक्रियता की सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम 14 अगस्त की रात नालाझार की ओर रवाना हुई। रात करीब 10:30 बजे अचानक 10-12 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

हथियार लूटने की नीयत से किया हमला

नक्सली आधुनिक और स्वचालित हथियारों से लैस थे। उनका मकसद जवानों के हथियार लूटना था। पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए तुरंत जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से देर तक गोलियां चलती रहीं और जंगल गोलियों की आवाज से गूंज उठा।

हथियार और नक्सल साहित्य बरामद

जवानों की जवाबी कार्रवाई से घबराए नक्सली मौके से भाग निकले। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 2 नग भरमार बंदूक, बैग, नक्सल साहित्य और दवाइयां बरामद की हैं।

ग्रामीण घायल, इलाज जारी

इस मुठभेड़ में एक ग्रामीण व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस बल ने तुरंत उसे बहेरम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति स्थिर है।

सर्च ऑपरेशन जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ के बाद इलाके में नक्सलियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Youthwings