Morning News : राजधानी रायपुर में ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’, शहीदों को श्रद्धांजलि और परिजनों का सम्मान

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित 4वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आज ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ का आयोजन हो रहा है। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। परेड के दौरान शहीद जवानों के नामों का वाचन कर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

रायपुर में आज मांस-मटन की बिक्री पर रोक
रायपुर। महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर आज, 21 अक्टूबर को, रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस और मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह आदेश मेयर मीनल चौबे के निर्देश पर जारी किया गया है। यह प्रतिबंध केवल नगर निगम क्षेत्र तक सीमित होगा।

केमिस्ट भर्ती के लिए आवेदन 22 अक्टूबर तक
रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में केमिस्ट के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यापमं के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर शाम 5 बजे तक है। यदि आवेदन में कोई त्रुटि हो, तो 23 से 25 अक्टूबर तक सुधार का अवसर मिलेगा। परीक्षा 21 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी। प्रवेश पत्र 15 दिसंबर को व्यापमं की वेबसाइट पर जारी होंगे, और डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजे जाएंगे। परीक्षा केंद्र सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में बनाए जाएंगे।

दीपावली की शाम पंडरी में कपड़ा दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला
राजधानी के पंडरी कपड़ा मार्केट के पास स्थित First Cry कपड़ा दुकान में दीपावली की शाम अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, दुकानदारों और सेल्समैनों ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Youthwings