फेयरवेल पार्टी में कार बोनट पर स्टंटबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में स्कूली छात्रों में सोशल मीडिया रील्स और स्टंटबाजी का क्रेज बढ़ता जा रहा है, जो अब जानलेवा साबित हो रहा है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में फेयरवेल पार्टी के दौरान खैरताल स्थित G.L.D. स्कूल के कुछ छात्र-छात्राओं ने कार के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट किया। इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
क्या हुआ घटना में?
4 फरवरी को फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों ने कार के बोनट पर बैठकर स्टंटबाजी की। वीडियो में छात्र-छात्राएं तेज रफ्तार में चलती कार के बोनट पर खड़े और बैठे नजर आ रहे हैं, जो सीधे यातायात नियमों का उल्लंघन है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद नवागढ़ पुलिस ने संज्ञान लिया और संबंधित वाहनों की पहचान की।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक वाहन चालक से 2800 रुपये समन शुल्क वसूल किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आम जनता, खासकर युवाओं और छात्रों से अपील करते हुए कहा कि खतरनाक स्टंट से बचें और हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की चाहत में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
