PM Ujjwala Yojana 3.0: मुफ्त LPG कनेक्शन के लिए आवेदन शुरू, पूरी डिटेल यहां
रायपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत छत्तीसगढ़ की जनता के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य स्तरीय समन्वयक तेल उद्योग नितिन चौहान ने आज रायपुर में प्रेसवार्ता कर बताया कि केंद्र सरकार ने योजना के तहत पूरे देश में 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क LPG कनेक्शन स्वीकृत किए हैं। इनमें से छत्तीसगढ़ में 2 लाख से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिलेगा।
नितिन चौहान ने कहा कि ये कनेक्शन कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की महिलाओं को दिए जाएंगे। इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी LPG डिस्ट्रीब्यूटर (गैस एजेंसी) के पास जाकर आवेदन कर सकते हैं।
उज्ज्वला योजना का उद्देश्य
उज्ज्वला 3.0 को ग्रामीण और शहरी परिवारों तक सुरक्षित तथा किफायती ईंधन पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार के अनुसार, अब तक देशभर में 10.33 करोड़ से अधिक लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिल चुका है।
ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया
केवाईसी फॉर्म प्राप्त करें: नजदीकी LPG वितरक (गैस एजेंसी) से उज्ज्वला केवाईसी फॉर्म (PMUY KYC Form) लें।
फॉर्म भरें: फॉर्म में नाम, पता, परिवार के सदस्यों का विवरण, बैंक खाता और आधार नंबर आदि भरें।
दस्तावेज संलग्न करें: पहचान प्रमाण (आधार), पते का प्रमाण और राशन कार्ड की फोटोकॉपी लगाएं।
एजेंसी में जमा करें: भरा हुआ फॉर्म और दस्तावेज गैस एजेंसी में जमा करें।
आवश्यक दस्तावेज
– आधार कार्ड (पहचान प्रमाण)
– पते का प्रमाण (राशन कार्ड, बिजली बिल आदि)
– बैंक खाता विवरण (पासबुक की कॉपी)
– राशन कार्ड (परिवार के सदस्यों के साथ)
पात्रता मानदंड
– महिला आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
– परिवार गरीबी रेखा से नीचे (BPL) या सरकार द्वारा निर्धारित श्रेणी में होना चाहिए।
– घर में किसी अन्य सदस्य के नाम पर पहले से कोई LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
यह योजना विशेष रूप से गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इच्छुक महिलाएं जल्द से जल्द अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में संपर्क करें।
