‘देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो….’, विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के शेष 82 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि कांग्रेस नेता उनसे इतनी नफरत करते हैं कि उनकी कब्र खोदना चाहते हैं और उनकी मां को गाली देने से भी नहीं हिचकते।

 

पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अपराधी बेखौफ घूमते थे, लेकिन अब योगी आदित्यनाथ की सरकार में वे जेलों में सड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने और उसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेस नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए।

 

पीएम ने तंज कसते हुए कहा, “मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?” उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस को भाजपा और एनडीए से विरोध है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, न ही वहां कोई भाजपा नेता मौजूद था। यह देश का सम्मानजनक आयोजन था, लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं।

 

पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की इस हरकत पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य से इतनी पुरानी पार्टी के नेता शर्मिंदा होने की बजाय गर्व महसूस कर रहे हैं और ऐसे लोगों का जयकारा लगा रहे हैं।

Youthwings