PM Modi ‘Mann Ki Baat’ 126 : लता दीदी को याद करने से लेकर वोकल फॉर लोकल तक… पीएम ने ‘मन की बात’ में क्या कुछ कहा, पढ़ें

PM Modi ‘Mann Ki Baat’ 126: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने कार्यक्रम के 125 एपिसोड पूरे होने पर संतोष जताया और संबोधन की शुरुआत शहीद भगत सिंह व स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि से की।

भगत सिंह और लता मंगेशकर को याद

पीएम मोदी ने भगत सिंह को युवाओं की प्रेरणा बताते हुए कहा कि उन्होंने फांसी के बजाय गोली से मौत की मांग कर अंग्रेजों को युद्धबंदी जैसा व्यवहार करने की चुनौती दी थी। लता मंगेशकर को याद करते हुए उन्होंने उनके देशभक्ति गीतों, वीर सावरकर से जुड़ाव और ‘ज्योति कलश छलके’ जैसे पसंदीदा गीत का जिक्र किया।

नारी शक्ति और नौसेना की उपलब्धि

नवरात्रि के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने महिला शक्ति का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और रूपा से हुई बातचीत साझा की। दोनों अधिकारियों ने 2 अक्टूबर 2024 को गोवा से रवाना होकर 29 मई 2025 को पतवार चालित सेलबोट से 47,500 किमी की विश्व परिक्रमा 238 दिनों में पूरी की। तीन तूफानों और कठिन मौसम का सामना करते हुए उन्होंने पॉइंट नीमो पर तिरंगा फहराया।

त्योहारों और संस्कृति पर संदेश

त्योहारों की श्रृंखला का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने छठ पूजा को वैश्विक उत्सव बताते हुए कहा कि इसे यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल कराने का प्रयास जारी है। उन्होंने याद दिलाया कि कोलकाता की दुर्गा पूजा पहले ही इस सूची में है।

वोकल फॉर लोकल की अपील

गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री ने खादी और स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की और सोशल मीडिया पर #VocalForLocal साझा करने को कहा। उन्होंने तमिलनाडु के Yaazh Naturals, झारखंड के Johargram और बिहार मधुबनी की मिथिला पेंटिंग पहल जैसी नवाचारों का उदाहरण दिया।

अन्य प्रमुख बिंदु

  • विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर संस्थापकों की सेवा भावना को सराहा।
  • महर्षि वाल्मीकि जयंती से पहले अयोध्या के वाल्मीकि और निषादराज मंदिरों के दर्शन का आग्रह किया।
  • पेरिस के एक सांस्कृतिक संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।
  • भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीत ‘मनुहे-मनुहार बाबे’ के सिंहली और तमिल अनुवाद को सराहा।
  • गायक जुबीन गर्ग और चिंतक एस.एल. भैरप्पा को श्रद्धांजलि दी।

अंत में प्रधानमंत्री ने त्योहारों के मौसम में स्वदेशी उत्पादों की खरीद, स्थानीय कारीगरों को सम्मान और स्वच्छता के सामूहिक संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए वोकल फॉर लोकल को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

Youthwings