PM Modi Chhattisgarh Visit Rescheduled: पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे में बदलाव, अब 31 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे
PM Modi Chhattisgarh Visit
PM Modi Chhattisgarh Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। अब उनके कार्यक्रम में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। पहले तय शेड्यूल के मुताबिक प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को ही कई सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे, लेकिन अब ये सभी आयोजन 1 नवंबर को किए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर की रात रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 1 नवंबर को प्रधानमंत्री पांच प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रजत महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
1 नवंबर को नया रायपुर (अटल नगर) में राज्योत्सव स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के रजत महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, छत्तीसगढ़ विधानसभा का नवनिर्मित भवन, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का ट्रेनिंग सेंटर “शांति शिखर” और सत्य सांई हॉस्पिटल में हृदय ऑपरेशन करा चुके बच्चों से भेंट शामिल है।
राज्योत्सव और विधानसभा भवन के उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच और बैठने की व्यवस्था तक का खाका तय कर लिया गया है।
राज्योत्सव स्थल पर तैयारियां जोरों पर
राज्योत्सव मेला स्थल पर तीन विशाल डोम बनाए जा रहे हैं। मुख्य मंच के सामने 60 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी ताकि लोग दूर से भी कार्यक्रम देख सकें। साथ ही विभागीय और सार्वजनिक उपक्रमों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा एक डिजिटल प्रदर्शनी और प्रधानमंत्री आवास का मॉडल भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मंत्रियों ने लिया तैयारियों का जायजा
राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए सरकार बड़े स्तर पर आयोजन कर रही है। नवा रायपुर के राज्योत्सव ग्राउंड में तैयारियों का जायजा उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप और टंकराम वर्मा ने लिया। सभी विभागों को तैयारी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
