Raipur Crime News: रायपुर में खुलेआम चाकूबाजी, नशेबाजों का बढ़ा आतंक – पुलिस पर उठे सवाल
Raipur Crime News
Raipur Crime News: रायपुर शहर में अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह वार्ड नंबर 29 का है, जहां बेहरा कॉलोनी मैदान में एक युवक ने खुलेआम चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैला दी।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुणाल नामक युवक हाथ में चाकू लेकर आसपास के लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह युवक आए दिन वार्ड में नशे की हालत में विवाद करता है और स्थानीय लोगों को धमकाता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बेहरा कॉलोनी और आसपास के इलाकों में नशेबाजों व असामाजिक तत्वों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि वे भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। कुछ दिन पहले ही इसी वार्ड से तीन लोग अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े थे। इसके बावजूद क्षेत्र में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा।
एक स्थानीय नागरिक ने कहा —
“रोज नशे में लोग झगड़ा करते हैं, चाकू दिखाकर धमकाते हैं, पुलिस भी कुछ नहीं कर रही।”
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में रात की गश्त को बढ़ाया जाए और नशे के अड्डों पर सख्त कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि केवल सख्त पुलिस कार्रवाई से ही वार्ड में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल लौट सकता है।
