दिल्ली दौरे से लौटे CM साय, PM मोदी ने किया रजत जयंती में शामिल होने का न्योता स्वीकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना के रजत जयंती वर्ष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों को बताया कि उन्होंने पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक आयोजन का निमंत्रण दिया था, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।

दिल्ली दौरे में हुई अहम मुलाकातें
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के आलाकमान से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर सभी केंद्रीय नेताओं से उन्हें पूरा सहयोग मिला है।

नक्सल उन्मूलन और बस्तर पर चर्चा
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में मिली सफलताओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित करने की योजना पर विचार किया गया है, जिससे बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद की समाप्ति के लिए प्रयास लगातार जारी हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार पर बड़ा संकेत
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा, “इंतजार करिए, जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार।”

Youthwings