PM Modi ‘Mann Ki Baat’: राम मंदिर धर्मध्वज से लेकर एंड्युरेंस स्पोर्ट्स तक ‘मन की बात’ में पीएम मोदी की बड़ी बातें

PM Modi ‘Mann Ki Baat’: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 128वें संस्करण में देशवासियों को कई अहम संदेश दिए। उन्होंने राम मंदिर धर्मध्वज से लेकर एंड्युरेंस स्पोर्ट्स, वोकल फॉर लोकल और पर्यटन तक कई विषयों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने नवंबर के महीने की महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र किया, जिनमें संविधान दिवस, वंदे भारत कार्यक्रम और राम मंदिर पर धर्मध्वज का आरोहण शामिल है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक के लोकार्पण का भी उल्लेख किया।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर के रामबन सुलाई शहद की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि देश में शहद उत्पादन अब 1.5 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा हो गया है और इससे किसानों की आय बढ़ रही है।

जामनगर के राजा दिग्विजयसिंहजी जडेजा द्वारा दूसरे विश्व युद्ध के दौरान यहूदी बच्चों की रक्षा की सराहना की। पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने पोलैंड में उनके प्रतिमा पर श्रद्धा अर्पित की।

2 दिसंबर से काशी के नमो घाट पर काशी-तमिल संगमम का चौथा संस्करण शुरू होगा। यह तमिल भाषा प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

मुंबई में INS ‘माहे’ को नौसेना में शामिल करने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने नौसेना की आत्मनिर्भरता और 4 दिसंबर को मनाए जाने वाले नौसेना दिवस की जानकारी दी।

पीएम मोदी ने उत्तराखंड में विंटर टूरिज्म और आदि कैलाश में आयोजित हाई एल्टीट्यूड मैराथन का जिक्र किया। तीन साल में पर्यटकों की संख्या 2,000 से बढ़कर 30,000 हो गई है।

वोकल फॉर लोकल की भावना को मजबूत करने की अपील की और बताया कि जी20 सम्मेलन में दिए गए उपहार भारतीय कारीगरों द्वारा बनाए गए थे। उन्होंने युवाओं से भी अभियान को आगे बढ़ाने को कहा।

खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया। महिला टीम ने वर्ल्ड कप, कबड्डी वर्ल्ड कप और ब्लाइंड महिला टीम ने विश्वकप जीता। बधिर ओलंपिक में भारत ने 20 पदक जीते।

एंड्युरेंस स्पोर्ट्स यानी सहनशक्ति वाले खेलों की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि हर महीने देश में 1500 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं, जैसे आयरनमैन—जिसमें तैराकी, साइकिलिंग और मैराथन शामिल है।

Youthwings