PM Modi Malaysia Visit: मोदी का मलेशिया दौरा, द्विपक्षीय वार्ता में आतंकवाद और व्यापार में सहयोग को दिया बढ़ावा
PM Modi Malaysia Visit: मलेशिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की और भारत-मलेशिया संबंधों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में दोनों देशों का सहयोग और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मित्र देशों के समर्थन की अहमियत पर बल दिया। उन्होंने व्यापार, तकनीक, सुरक्षा, कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग का उल्लेख किया। इसके साथ ही, कौशल विकास और क्षमता निर्माण में दोनों देशों की साझेदारी को भी महत्व दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में भारतीय प्रवासी समुदाय का सम्मान व्यक्त किया और कहा कि लगभग 30 लाख मलेशियाई नागरिक भारतीय मूल के हैं, जो भारत-मलेशिया संबंधों का मजबूत सेतु हैं। उन्होंने मलेशिया को ASEAN अध्यक्षता पर बधाई दी और कहा कि मलेशिया के सहयोग से भारत-ASEAN संबंध और मजबूती हासिल करेंगे।
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी दोनों देशों के संबंधों की मजबूती और आगे बढ़ते सहयोग की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और टीमें इसे आगे बढ़ाएंगी।
पीएम मोदी ने मलेशिया में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद भी किया।
