पीएम मोदी ने किया द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 का उद्घाटन, बोले– ‘भारतीय हैं तो मेड इन इंडिया सामान ही खरीदें’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 अगस्त को दिल्ली के रोहिणी में देश के पहले 8 लेन एलिवेटेड हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 11 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनके शुरू होने से गुरुग्राम से दिल्ली IGI एयरपोर्ट तक का जाम खत्म होगा और दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी और तेज हो जाएगी।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों और व्यापारियों से विदेशी सामान छोड़कर मेड इन इंडिया उत्पाद खरीदने और बेचने की अपील की। उन्होंने कहा- “भारतीय हैं तो भारत में बना सामान ही खरीदें। व्यापारी भी गर्व के साथ लोकल उत्पाद बेचें।” पीएम मोदी ने खिलौनों और मोबाइल फोन का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत अब 100 से ज्यादा देशों में खिलौने और हर साल 30-35 करोड़ मोबाइल फोन निर्यात कर रहा है।
पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर दिल्ली को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार को दिल्ली को उबारने में समय लगेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में इन्फ्रास्ट्रक्चर का बजट 6 गुना बढ़ाया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। पीएम ने जीएसटी में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म की भी घोषणा की और कहा कि इस बार दीवाली पर देशवासियों को “डबल बोनस” मिलेगा।
उन्होंने दिल्ली के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि यमुना की सफाई, EV बसों की शुरुआत और कचरे से सड़क बनाने जैसी पहलें दिल्ली को दुनिया की बेहतरीन राजधानी बनाने में मदद कर रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और ‘वोकल फॉर लोकल’ सोच के साथ देश को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे। गडकरी ने बताया कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक में भारी कमी आएगी और लॉजिस्टिक लागत घटेगी। वहीं, सीएम नायब सैनी ने इसे हरियाणा-दिल्ली के साझा विकास का प्रतीक बताया।
द्वारका एक्सप्रेसवे को दुनिया का सबसे मजबूत एक्सप्रेसवे कहा जा रहा है, जिसमें 2 लाख मीट्रिक टन स्टील और 20 लाख क्यूबिक मीटर सीमेंट का इस्तेमाल हुआ है। इसमें देश की सबसे चौड़ी 3.6 किमी लंबी 8 लेन की अर्बन टनल बनाई गई है, जो सीधे IGI एयरपोर्ट से कनेक्ट करेगी। दूसरी ओर, UER-2 को दिल्ली का तीसरा रिंग रोड माना जा रहा है, जो दिल्ली-पानीपत हाईवे को द्वारका सेक्टर-24 से जोड़ेगा और आगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी कनेक्ट होगा।
इन परियोजनाओं से गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ तक यात्रा का समय कम होगा, जाम से राहत मिलेगी और पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी। इससे न केवल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को फायदा होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
Connectivity across NCR will take a big leap forward with the inauguration of the Delhi section of Dwarka Expressway and UER-II. https://t.co/YWujS91BOY
— Narendra Modi (@narendramodi) August 17, 2025
