प्रधानमंत्री मोदी ने जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त , 9.7 करोड़ किसानों को मिला लाभ

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वाराणसी दौरे के दौरान किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी कर दी है, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों के खातों में 2,000-2,000 रुपये की सहायता राशि भेजी गई है। इस बार कुल 20,500 करोड़ रुपये किसानों को ट्रांसफर किए गए हैं।

पीएम मोदी ने यह राशि वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र के बनौली गांव में एक कार्यक्रम के दौरान जारी की। लंबे समय से खरीफ की फसल बोने वाले किसान इस किस्त का इंतजार कर रहे थे।

विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने 2183.45 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। ये परियोजनाएं वाराणसी के समग्र विकास में सहायक होंगी।

कैसे चेक करें पीएम किसान योजना की राशि?

अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त आई है या नहीं, तो आप घर बैठे ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर “बेनिफिशियरी स्टेटस” ऑप्शन में अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

Youthwings