रायपुर में फिर पिटबुल डॉग का आतंक : डिलीवरी बॉय को डॉग ने बुरी तरह से नोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर पिटबुल डॉग के आतंक का मामला सामने आया है। अनुपम नगर इलाके में पिटबुल कुत्ते ने अचानक एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इसी कुत्ते द्वारा पहले भी कई लोगों पर हमले किए जा चुके हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय रहवासी भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, पिटबुल ने युवक के पैर को बुरी तरह नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी पिटबुल ने ऑटो चालक, घरेलू कामकाजी महिला और अन्य लोगों पर हमला किया था।
पूर्व पार्षद ने प्रशासन पर उठाए सवाल
कालीमाता वार्ड के पूर्व पार्षद अमितेश भारद्वाज ने बताया कि यह घटना आज शाम अनुपम नगर की है। उन्होंने कहा कि यही पिटबुल कुछ वर्ष पहले भी एक ऑटो चालक पर हमला कर चुका है। उस समय नगर निगम और पुलिस प्रशासन से कुत्ते को जब्त करने की मांग की गई थी, लेकिन मकान मालिक के असहयोग के कारण न तो पिटबुल को जब्त किया जा सका और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई हो पाई।
उन्होंने बताया कि उस समय मामला केवल हल्के मुआवजे पर कोर्ट में निपटा दिया गया था, हालांकि एफआईआर दर्ज की गई थी। अब एक बार फिर स्थानीय रहवासियों ने इस पिटबुल की शिकायत की है।
बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद
पूर्व पार्षद ने कहा कि यदि मकान मालिक सहयोग नहीं करता है, तो नगर निगम को सख्ती दिखाते हुए पिटबुल को जब्त करना चाहिए। इस गली के रहवासी, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, डर के कारण घरों से बाहर निकलना बंद कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि आज फिर इसी पिटबुल ने एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया है, जो बेहद चिंताजनक है।
पिटबुल पर प्रतिबंध के बावजूद सवाल
अमितेश भारद्वाज ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भारत में पिटबुल पर पूरी तरह प्रतिबंध है, तो फिर ऐसे खतरनाक कुत्ते को पालने की अनुमति क्यों दी जा रही है और प्रशासन इतनी नरमी क्यों बरत रहा है।
