Mohit Sahu Suicide Attempt: छॉलीवुड फिल्म निर्माता मोहित साहू ने की आत्महत्या की कोशिश, फिनायल पीकर पहुंचे अस्पताल

रायपुर | Mohit Sahu Suicide Attempt: छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) में अभिनेत्री के साथ मारपीट के मामले में फंसे फिल्म निर्माता मोहित साहू ने आत्महत्या की कोशिश कर सनसनी फैला दी है। आरोप है कि मोहित साहू ने फिनायल का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

एक्ट्रेस से मारपीट मामले में फंसे थे मोहित साहू

जानकारी के मुताबिक, मोहित साहू पर छॉलीवुड की एक अभिनेत्री के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप है। पीड़िता के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हमले के बाद वह खून से लथपथ हालत में रायपुर के पुरानी बस्ती थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने दर्ज किया था गंभीर धाराओं में केस

पीड़िता की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मोहित साहू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवती को झांसे में लेकर बिना किसी सामाजिक रस्म के शादी करने का दावा किया और बाद में उससे मुकर गया।

शादी की बात सार्वजनिक करने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित साहू शादी की बात सार्वजनिक करने को लेकर पीड़िता पर दबाव बना रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसा में बदल गया। आरोप है कि मोहित साहू ने कैंची, झाड़ू और लकड़ी से युवती पर हमला किया। यहां तक कि उसे बंधक बनाकर रखने के भी आरोप लगाए गए हैं।

आत्महत्या की कोशिश से मामले ने लिया नया मोड़

एक्ट्रेस मारपीट केस में कार्रवाई के बीच मोहित साहू द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब अस्पताल में इलाज के बाद आरोपी के बयान और आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पूरे घटनाक्रम ने छॉलीवुड इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है।

Youthwings