पेरू में 5.5 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 5 की मौत, 300 लोग बेघर
एंडीज क्षेत्र के हुआनकायो प्रांत में शनिवार रात आया भूकंप, सिकाया शहर के पास 10 किमी गहराई में था केंद्र
लीमा/पेरू। पेरू के एंडीज क्षेत्र में शनिवार रात 5.5 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि भूकंप शनिवार रात 9:24 बजे (स्थानीय समय) आया। इसका केंद्र हुआनकायो प्रांत के सिकाया शहर से दो किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
क्या नुकसान हुआ?
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा संस्थान (INDECI) के अनुसार, भूकंप में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। भूकंप ने 300 लोगों को बेघर कर दिया और कई घर व इमारतें ध्वस्त हो गईं। कम गहराई पर होने के कारण आसपास के इलाकों में इसका अधिक असर देखा गया।
सबसे ज्यादा नुकसान चोंगो बाजो कृषि क्षेत्र में हुआ, जहां कई परिवार अपने टूटे हुए घरों के बाहर सड़कों पर रात बिताने को मजबूर हुए। मलबे के नीचे कई जानवर भी दबे हुए देखे गए।
क्यों आते हैं इतने भूकंप?
पेरू दुनिया के उस इलाके में स्थित है, जिसे ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ कहा जाता है। यह भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोटों के लिए सबसे सक्रिय क्षेत्रों में से एक है। यही वजह है कि यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
राहत कार्य जारी
सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। लापता लोगों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
Read more-
