चॉकलेट-गुटखे की पाउच में पंजाब के रास्ते रायपुर पहुंच रही पाकिस्तान की ड्रग्स, CA स्टूडेंट समेत 6 गिरफ्तार, 57 लाख की हेरोइन जब्त

ड्रग्स

ड्रग्स

रायपुर: राजधानी रायपुर में ड्रग तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें पाकिस्तान से आई हेरोइन को पंजाब के जरिए रायपुर तक पहुंचाया जा रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि तस्करी के लिए लड़कियों और युवतियों का इस्तेमाल हो रहा था, ताकि पुलिस को शक न हो। आरोपी वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए ग्राहकों को डिलीवरी देते थे।

यह खुलासा 273.19 ग्राम हेरोइन (करीब ₹57 लाख की कीमत) के साथ CA की छात्रा सहित 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुआ। इस कार्रवाई को कबीर नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मिलकर अंजाम दिया है।

पंजाब से रायपुर तक ड्रग्स नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि पंजाब से दो युवक ट्रेन के जरिए ड्रग्स लेकर रायपुर आते और स्टेशन पर माल छोड़कर लौट जाते। इसके अलावा ट्रक, बस और अन्य साधनों का भी इस्तेमाल किया जाता था।
मुख्य आरोपी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू पहले भी कई बार पंजाब जाकर खुद ड्रग्स लाता था। वह अपने ट्रक में हेरोइन छिपाकर लाता था। उसका सीधा संपर्क पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाने वाले पंजाब और हरियाणा के तस्करों से था।

चालाकी से की जा रही थी तस्करी

ड्रग्स को चाय डिस्पोजल कप, चॉकलेट के रैपर, माचिस की डिब्बी और गुटखा पाउच जैसे सामान्य चीज़ों में छिपाकर लाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।
मनमोहन सिंह ने पिछले ढाई साल में ₹2 करोड़ की ड्रग्स बिक्री की है। उसके अकाउंट में 250 से ज्यादा लेनदेन के सबूत मिले हैं। उससे जुड़े 200 से अधिक ग्राहक हैं।

कैसे हुआ खुलासा

21 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि वेदांत वाटिका के पास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में है। इस सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और कबीर नगर पुलिस की टीम ने आरोपी मनमोहन सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने विजय मोटवानी और भूषण शर्मा का नाम उजागर किया, जिन्हें वह ड्रग्स सप्लाई करता था।

इसके बाद पुलिस ने हीरापुर, वीर सावरकर नगर, जरवाय तालाब के पास और आरडीए कॉलोनी में एक साथ रेड की, जहां से मनमोहन की पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और CA की छात्रा दिव्या जैन को गिरफ्तार किया गया। मौके से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, एक दोपहिया वाहन, और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

आरोपियों की उम्र 19 से 30 के बीच

SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी 19 से 30 साल की उम्र के हैं। इनमें से दो कॉलेज स्टूडेंट हैं। आरोपियों ने हेरोइन सप्लाई के लिए वीडियो और लोकेशन शेयरिंग का तरीका अपनाया था। वे नशीला पदार्थ किसी सार्वजनिक जगह पर छोड़ते और ग्राहकों को वहां की लोकेशन भेज देते थे।

इनमें से एक आरोपी भूषण शर्मा, कोतवाली थाना क्षेत्र में हेरोइन सप्लाई करते पकड़ा गया है।

धाराएं और केस

आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21B, 21C, 29 और धारा 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इसके पीछे के पाकिस्तानी लिंक की भी पड़ताल की जा रही है।

Youthwings