धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी: मुनरेठी केंद्र में बोरी पर पानी डालने का वीडियो वायरल, समिति प्रभारी निलंबित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर अनियमितता सामने आई है। रायपुर जिले के मुनरेठी धान खरीदी केंद्र में धान के सूखेपन को कम दिखाने के लिए सैकड़ों बोरियों पर पानी डाले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है। मामले में समिति प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि चार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 1 फरवरी 2026 की शाम करीब 6.45 बजे से 7.10 बजे के बीच धान खरीदी केंद्र परिसर में पाइपलाइन बिछाकर लगभग 25 से 30 मिनट तक धान की बोरियों पर पानी डाला गया। उस समय केंद्र में हजारों क्विंटल धान का भंडारण मौजूद था। वीडियो वायरल होने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया धान खरीदी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि यह वीडियो प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, मुनरेठी (पंजीयन क्रमांक 663) से संबंधित है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में चार कर्मचारी सक्रिय रूप से इस कृत्य में शामिल पाए गए, जिनमें से एक व्यक्ति पाइप के जरिए धान की बोरियों पर पानी डालता हुआ साफ नजर आ रहा है। पूछताछ के दौरान कर्मचारियों ने पहले चौकीदार की अनदेखी का हवाला दिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड होने के कारण उनकी सफाई टिक नहीं पाई।
प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुलेश्वर प्रसाद वर्मा (हमाल मुकर्दम), मनहरण रात्रे (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल), योगेश्वर बंजारे (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल) और संजू ढीढी (धान खरीदी दैनिक कर्मचारी) को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।
इसके साथ ही मामले की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभारी समिति प्रबंधक चंद्रप्रकाश खंडेलवाल को निलंबित कर दिया गया है। उनका अतिरिक्त प्रभार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर की चंदखुरी शाखा के पर्यवेक्षक विजय कुमार साहू को सौंपा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
