छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए मौका: CSC में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती
CSC
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने राज्य के चयनित जिलों में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती डिजिटल इंडिया कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने और नागरिकों तक सरकारी व निजी डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
इन जिलों के लिए निकली भर्ती
जारी अधिसूचना के अनुसार दुर्ग, कांकेर, जशपुर और कोरबा जिलों में नियुक्तियां की जाएंगी। प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। संबंधित जिले का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
क्या होगी जिम्मेदारी?
जिला समन्वयक जिले में संचालित CSC केंद्रों के संचालन, निगरानी और विस्तार के लिए जिम्मेदार होंगे। वे जिला प्रशासन, शासकीय विभागों, ब्लॉक एवं पंचायत स्तरीय अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और वीएलई नेटवर्क के साथ समन्वय स्थापित कर डिजिटल सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सेवा गुणवत्ता, लक्ष्य प्राप्ति और नियमित रिपोर्टिंग भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता
आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। तकनीकी योग्यता के तहत कंप्यूटर साइंस में कम से कम 6 माह का डिप्लोमा या NIELIT का CCC प्रमाण पत्र आवश्यक है। कंप्यूटर, इंटरनेट, एमएस ऑफिस, ईमेल और ऑनलाइन पोर्टल का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए।
अनुभव और आयु सीमा
उम्मीदवार के पास न्यूनतम 2 वर्ष का संबंधित कार्य अनुभव होना चाहिए। आईटी, ई-गवर्नेंस या सरकारी/अर्ध-सरकारी परियोजनाओं में अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयु सीमा 24 से 35 वर्ष निर्धारित है, हालांकि विशेष योग्यता के आधार पर छूट संभव है। वर्तमान CSC VLE इस पद के लिए पात्र नहीं हैं।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन www.csc.gov.in या career.csccloud.in के जरिए किया जा सकता है। आवेदन पत्र में सही जानकारी भरना और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
