Operation Sindoor के बाद कूटनीतिक हलचल तेज, पीएम मोदी से 50 मिनट मिले NSA डोभाल, दुनियाभर के नेताओं से हुई बातचीत
Operation Sindoor, NSA Doval met PM Modi for 50 minutes
भारत द्वारा हाल ही में चलाए गए ‘Operation Sindoor’ के 35 घंटे बाद दिल्ली में रणनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सैन्य मोर्चे पर ऑपरेशन का मिशन पूरा हो चुका है, लेकिन अब कूटनीतिक और खुफिया स्तर पर गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इस मोर्चे की कमान अब विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने संभाल ली है।
गुरुवार सुबह एनएसए डोभाल अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास पहुंचे। यह बैठक लगभग 50 मिनट चली। इस दौरान डोभाल ने पीएम मोदी को ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े सभी कूटनीतिक, खुफिया और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं से अवगत कराया। पीएम को बताया गया कि पाकिस्तान किस तरह अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन दुनियाभर में उसका झूठ उजागर हो रहा है।
जब यह बैठक चल रही थी, ठीक उसी समय दिल्ली में सर्वदलीय बैठक भी हो रही थी, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह विपक्षी नेताओं को ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी दे रहे थे। सभी राजनीतिक दल एक सुर में भारत सरकार के इस सख्त कदम के समर्थन में खड़े नजर आए।
डोभाल ने दुनियाभर के NSA से की बात
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता कूटनीतिक मोर्चे पर समर्थन हासिल करना है। इसी कड़ी में डोभाल ने बीते 24 घंटों में अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई, जापान, रूस, फ्रांस और चीन समेत कई देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों से सीधी बातचीत की।
उन्होंने बताया कि भारत ने यह कार्रवाई सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए की है और उसका मकसद तनाव को बढ़ावा देना नहीं है। लेकिन यदि पाकिस्तान कोई भी उकसाने वाली कार्रवाई करता है तो भारत हर स्तर पर जवाब देने के लिए तैयार है।
डोभाल की बातचीत जिन नेताओं से हुई:
-
अमेरिका: एनएसए व विदेश मंत्री मार्को रुबियो
-
ब्रिटेन: एनएसए जोनाथन पॉवेल
-
सऊदी अरब: मुसैद अल ऐबन
-
यूएई: एचएच शेख तहनून
-
जापान: मसाताका ओकानो
-
रूस: सर्गेई शोइगु
-
फ्रांस: राष्ट्रपति मैक्रों के सलाहकार
-
चीन: विदेश मंत्री वांग यी
ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े ताजा अपडेट:
-
देश के 21 एयरपोर्ट 10 मई तक बंद
-
एलओसी पर सेना अलर्ट पर
-
जोधपुर में सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद
-
पाकिस्तान के लाहौर में धमाकों की आवाजें
-
दिल्ली में सर्वदलीय बैठक जारी
यह स्पष्ट है कि पाकिस्तान, भारत से सीधे सैन्य टकराव की स्थिति में नहीं है। ऐसे में वह दुनिया के सामने विक्टिम कार्ड खेल रहा है, लेकिन भारत की कूटनीति और रणनीति उसे हर मोर्चे पर घेर रही है।
