‘महादेव’ के बाद अब ‘किंगडम बुक’ बना ऑनलाइन सट्टा खिलाने का जरिया, ‘सट्टा किंग’ गिरफ्तार…

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में ‘महादेव’ जैसे ऑनलाइन सट्टा एप पर पुलिस की सतर्कता के बीच उसके विकल्प के रूप में उभरे नए प्लेटफॉर्म ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ का भंडाफोड़ हुआ है। इस नेटवर्क को संचालित करने वाले सट्टा किंग सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद की गई है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि रायपुर निवासी अनीश खान के इशारे पर आरोपी राजा सरदार इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को संचालित कर रहा था। अनीश खान सुपर आईडी सप्लाई करता था। आरोपी का सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक सट्टा पैनल के जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टा खेलवाया जा रहा था। आरोपी ने इस नेटवर्क के तहत लगभग 80 ऑनलाइन आईडी बांट दी थीं। इन आईडी के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेन-देन हो रहा था।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 से 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच चल रही है। एसपी ने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम और आईडी की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

 

आरोपी का पुराना रिकॉर्ड

एसपी ने बताया कि आरोपी राजा सरदार पहले गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। सोमवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 

एसपी ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एक एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में सायबर टीम गठित की गई है, जो बांटी गई आईडी की पूरी जानकारी खंगाल रही है।

Youthwings