Om Birla on No Confidence Motion: “कुर्सी पर नहीं बैठूंगा” -अविश्वास प्रस्ताव पर ओम बिरला का बड़ा बयान

Om Birla on No Confidence Motion: बजट सत्र 2026 के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन यानी 9 मार्च को चर्चा हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर 118 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। कांग्रेस ने मंगलवार को इस संबंध में औपचारिक नोटिस दिया था। लोकसभा सचिवालय फिलहाल नोटिस की जांच कर रहा है।

“फैसला होने तक कुर्सी पर नहीं बैठूंगा” -ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि जब तक उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय नहीं हो जाता, तब तक वे सदन की कार्यवाही में अध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। उन्होंने लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि विपक्ष के नोटिस की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

हालांकि संसदीय नियमों में ऐसा कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है कि अविश्वास प्रस्ताव लंबित रहने तक अध्यक्ष को अपने पद से दूर रहना पड़े, लेकिन बिरला ने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाने का फैसला किया है।

विपक्ष के आरोप

अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया है कि लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे सदन में उठाने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया। विपक्ष का कहना है कि इसी वजह से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

अब सभी की नजरें 9 मार्च पर टिकी हैं, जब बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन इस प्रस्ताव पर चर्चा और आगे की प्रक्रिया तय हो सकती है। यह देखना अहम होगा कि इस सियासी घटनाक्रम का आगे क्या परिणाम निकलता है।

Youthwings