भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया आरोपी गिरफ्तार

भूपेश बघेल

भूपेश बघेल

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा सार्वजनिक मंच पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराजगी देखने को मिली थी।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला

यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी की पहचान अमित सेन (31 वर्ष) के रूप में की है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के शहडोल जिले का निवासी है और वर्तमान में दुर्ग जिले के भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत भुसावल बिल्डिंग में रह रहा था। आरोपी आरोग्य हॉस्पिटल, भिलाई में ड्रेसर के पद पर कार्यरत है।

NSUI नेताओं ने दर्ज कराई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी को NSUI अध्यक्ष शांतनु झा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 जनवरी 2026 को रायपुर के अंबेडकर चौक में मौजूद रहते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा गया कि अमित सेन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अशोभनीय भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।

प्रदर्शन के बाद हुई गिरफ्तारी

शिकायत दर्ज होने के बाद NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और 28 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2) और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

read more : बगैर आदेश दैनिक वेतन भोगियों को काम पर आने से किया मना, आज करेंगे कलेक्टोरेट का घेराव…

Youthwings