15वें वित्त आयोग की राशि लंबित: ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप
बलौदाबाजार जिले के विकासखंड सिमगा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों को अब तक 15वें वित्त आयोग की लंबित राशि प्राप्त नहीं हो पाई है। लंबे समय से राशि जारी न होने के कारण पंचायतों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह रुक गए हैं।
बुनियादी सुविधाओं पर पड़ा सीधा असर
धन के अभाव में पंचायतों में सड़क निर्माण, नाली सफाई, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इससे न केवल ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि पंचायतों की प्रशासनिक और आर्थिक स्थिति भी कमजोर होती जा रही है।
सरपंच संघ ने प्रशासन से लगाई गुहार
लंबित राशि को लेकर सरपंच संघ सिमगा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि इस विषय में संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
चेतावनी: जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
सरपंच संघ ने कहा कि राशि में लगातार हो रही देरी से पंचायत स्तर पर असंतोष बढ़ता जा रहा है। यदि शीघ्र राशि जारी नहीं की गई, तो विकास कार्यों को आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा। संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
read more : बगैर आदेश दैनिक वेतन भोगियों को काम पर आने से किया मना, आज करेंगे कलेक्टोरेट का घेराव…
