रायपुर में वायरल न्यूड पार्टी पोस्टर पर बवाल, पुलिस हिरासत में दो युवक, कांग्रेस का विरोध

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए न्यूड पार्टी के पोस्टर ने सनसनी मचा दी है। इस पोस्टर में युवाओं को शराब लेकर आने और अश्लील गतिविधियों में शामिल होने का खुला आमंत्रण दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे क्राइम ब्रांच दफ्तर में पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवक, हिरासत में लिए गए

जानकारी के मुताबिक, विवादित पोस्टर से जुड़े दो युवक शनिवार को अपनी सफाई देने एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच अब डिजिटल स्तर पर और तेज कर दी गई है।

कांग्रेस का विरोध और चेतावनी

न्यूड पार्टी का पोस्टर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने खुलकर विरोध जताया। कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और मो. सिद्धिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि पार्टी पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और आयोजकों की गिरफ्तारी हो।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार और पुलिस प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करते तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से इस तरह के आयोजनों को रोकने मैदान में उतरेगी। अग्रवाल ने चेतावनी दी कि रायपुर की अस्मिता पर कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्रियों की प्रतिक्रिया

मामले पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि “भारत संतों और परंपराओं का देश है, यहां ऐसे आयोजन पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।” वहीं, गृहमंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि यदि कोई अश्लील पार्टी आयोजित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की कार्रवाई

एसएसपी लाल उमेद सिंह ने साफ किया कि रायपुर पुलिस किसी भी हाल में ऐसे आयोजनों की अनुमति नहीं देगी। क्राइम ब्रांच वायरल पोस्टर से जुड़े सभी डिजिटल अकाउंट्स की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का सच सामने आ जाएगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर चर्चा

वायरल पोस्टर को लेकर रायपुर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे साफ होगा कि यह वास्तव में पार्टी आयोजित करने की कोशिश थी या सिर्फ सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने का खेल।

Youthwings