NTA ने जारी किया आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर: JEE Main, UGC NET और CUET PG समेत कई बड़े एग्जाम की तारीखें घोषित
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने उच्च शिक्षा और पेशेवर कोर्सेज में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट दिया है। NTA ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच आयोजित होने वाली विभिन्न प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस शेड्यूल में जेईई मेन, यूजीसी नेट, सीयूईटी पीजी, सीएसआईआर नेट और निफ्ट जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की प्रस्तावित तारीखें शामिल हैं।
दिसंबर 2026 में होने वाली परीक्षाएं
एनटीए के जारी कैलेंडर के अनुसार, राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय की परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद SWAYAM की परीक्षाएं 8 से 12 दिसंबर तक चलेंगी, जबकि राष्ट्रीय सैन्य विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा 13 दिसंबर को होगी।
कॉलेज और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर व जेआरएफ के लिए होने वाली यूजीसी नेट की परीक्षा 14 से 19 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें किसी तकनीकी या अन्य जरूरत के लिए 20 और 21 दिसंबर को रिजर्व डे रखा गया है। वहीं विज्ञान वर्ग के शोधार्थियों के लिए संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट की परीक्षा 20 और 21 दिसंबर को प्रस्तावित की गई है।
जनवरी 2027 में जेईई मेन और अन्य प्रवेश परीक्षाएं
नये साल के पहले महीने यानी जनवरी 2027 में आर्मी कैडेट्स कॉलेज की परीक्षा 4 जनवरी को होगी। इसके बाद 10 जनवरी को श्रेष्ठा परीक्षा और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए सबसे बड़ी परीक्षा संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य यानी जेईई मेन (सत्र-1) दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण 22 से 24 जनवरी और दूसरा चरण 28 से 30 जनवरी तक चलेगा, जिसके लिए 31 जनवरी को सुरक्षित दिवस रखा गया है। इसके अलावा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा भी 31 जनवरी 2027 को ही आयोजित होगी।
फरवरी और मार्च 2027 का परीक्षा शेड्यूल
मैनेजमेंट कोर्सेज में दाखिले के लिए होने वाली सामान्य प्रबंधन प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी 2027 को प्रस्तावित है। राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण पहल के पहले भाग की परीक्षा 26 और 27 फरवरी को होगी। मार्च के महीने में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए होने वाली सीयूईटी पीजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 1 से 5 मार्च, 8 मार्च, 12 से 20 मार्च और 24 से 25 मार्च के बीच कई शिफ्टों में होगी, जिसके लिए 30 और 31 मार्च को सुरक्षित दिवस निर्धारित किया गया है। इसके अलावा तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण के दूसरे भाग का एग्जाम 5 और 7 मार्च को कराया जाएगा। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि ये सभी तारीखें अभी प्रस्तावित हैं और परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव भी संभव है।
