नकली दवाइयों के कारोबार से कथित सांठगांठ के आरोप पर NSUI का प्रदर्शन, असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर पर कार्रवाई की मांग

रायपुर। एनएसयूआई ने आज तहसील कार्यालय परिसर में असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि संजय नेताम को टैन कैफे में नकली दवाइयों के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ कथित तौर पर देखा गया, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। एनएसयूआई का कहना है कि गंभीर आरोपों और कथित सबूतों के बावजूद अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि नकली दवाइयों का व्यापार आम जनता की जान से खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

एनएसयूआई नेताओं ने विरोध के दौरान प्रतीकात्मक रूप से पांच लाख रुपये नकद देने की पेशकश करते हुए कहा कि अधिकारी कथित रिश्वतखोरी और दवा माफियाओं से संबंध खत्म करें। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन हर महीने पचास हजार रुपये देने को तैयार है, लेकिन नकली दवाइयों की सप्लाई और अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

Youthwings