No Confidence Motion against Om Birla: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की रणनीति, अविश्वास प्रस्ताव लाने की अटकलें तेज

No Confidence Motion against Om Birla: संसद में जारी गतिरोध के बीच अब विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ बड़ा कदम उठाने की तैयारी में नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहे हैं और इस मुद्दे पर कई पार्टियों के बीच सहमति भी बनती दिख रही है। हालांकि, अब तक किसी भी दल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विपक्षी दल इस प्रस्ताव को लेकर एकजुट हो चुके हैं और केवल औपचारिक हस्ताक्षर की प्रक्रिया बाकी है। बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा, जबकि सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।

सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के चलते प्रश्नकाल नहीं चल सका और सदन को मात्र पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी, जिस पर सदस्यों ने मेज थपथपाकर टीम की जीत का स्वागत किया।

प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस सांसदों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग उठाई। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि प्रश्नकाल केवल प्रश्न पूछने के लिए होता है और इस दौरान किसी अन्य विषय पर चर्चा की अनुमति नहीं दी जा सकती।

उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि बजट पर चर्चा और शून्यकाल के दौरान सभी सदस्यों को नियमों के तहत बोलने का पूरा अवसर दिया जाएगा। स्पीकर ने कहा कि सदन नियम और प्रक्रियाओं के अनुसार चलता है और प्रश्नकाल सांसदों का महत्वपूर्ण समय होता है, जिसे बाधित नहीं किया जाना चाहिए।

इसके बावजूद विपक्षी सांसदों ने आसन के निकट आकर नारेबाजी शुरू कर दी। लगातार शोर-शराबे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

Youthwings