नितिन नबीन बने 12वें बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष: प्रधानमंत्री ने माला पहनाकर दी बधाई
नितिन नबीन
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार (20 जनवरी) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। पार्टी के चुनाव अधिकारी लक्ष्मण ने आधिकारिक रूप से घोषणा करते हुए बताया कि नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। घोषणा के बाद पार्टी मुख्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पीएम मोदी ने माला पहनाकर दी शुभकामनाएं
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और पार्टी को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।
बीजेपी मुख्यालय में जुटे दिग्गज नेता
इस मौके पर बीजेपी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जेपी नड्डा ने दी बधाई, जताया आभार
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद जेपी नड्डा ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी को आज एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नेतृत्व मिला है।
जेपी नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान नेताओं के विचारों से दिशा मिली है। ऐसी पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का चयन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा, “2024 के लोकसभा चुनावों में जो हमारी आशा थी उस आशा तक नतीजे नहीं आए। इन नतीजों ने न सिर्फ़ पार्टी, बल्कि देश के जनमानस को हैरान किया। देश के मतदाताओं के मन में कसक पैदा हुई, एक टीस पैदा हुई और देश के मतदाताओं ने ठान लिया कि अब कोई भी चुनाव आएगा तो मोदी जी को पूरा आशीर्वाद देंगे और देश में पार्टी की तरक्की के लिए काम करेंगे। मुझे याद है, 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद, विपक्ष के हौसले हरियाणा चुनाव में बुलंद थे। वे चुनाव के नतीजे आने से पहले ही वे मिठाइयाँ बाँटने का इंतजाम कर रहे थे। उन्हें मालूम नहीं था कि देश के मतदाताओं ने और हरियाणा के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि जो कभी ओवरकॉन्फिडेंस की वजह से हुई छोटी-मोटी गलतियां रह गई थी उसे वे सूद समेत वापस देंगे और उन्होंने हरियाणा चुनावों में ठीक वैसा ही किया। हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में रिकॉर्ड जीत देखी… आपके नेतृत्व में, 27 साल बाद दिल्ली में भी कमल खिला, और दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी की छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी। आज उसका विधि पूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।” “अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सदी में वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी सहित हमारे कई साथियों ने संगठन को विस्तार दिया है। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित शाह के नेतृत्व में देश के अनेक राज्यों में भाजपा की सरकार बनी। फिर जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से संसद तक और सशक्त हुई… मैं पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।”
read more : अक्षय कुमार के काफिले की कार का भीषण हादसा, ऑटो से टक्कर के बाद दो पहियों पर खड़ी हो गई गाड़ी
