झोले में मिली नवजात शिशु, रोने की आवाज सुनकर लोगों ने बचाई जान
मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम पंचायत चनवारीडांड में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वन विभाग डिपो के पास सड़क किनारे झोले में एक नवजात बालिका लावारिस हालत में मिली। सुबह टहलने निकले लोगों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे उठाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल मनेन्द्रगढ़ लाए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत स्थिर है। बच्ची का वजन सामान्य है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को तुरंत दूध पिलाया और जरूरी देखभाल शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कोतवाली मनेन्द्रगढ़ की पुलिस टीम अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची को छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति या परिवार की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्ची को फेंकने वाले की पहचान कर ली जाएगी।
इस बीच बच्ची को बाल कल्याण समिति के माध्यम से शिशु गृह या किसी सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
।
