छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बड़ी कामयाबी: नारायण डोंगर के जंगल में नक्सली कैंप ध्वस्त, विस्फोटक सामग्री बरामद
रायपुर: छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित नारायण डोंगर इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक कैंप को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस संयुक्त ऑपरेशन को जिला वालंटियर फोर्स (DVF) और अन्य सुरक्षा बलों ने अंजाम दिया।
यह कार्रवाई सीनापाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई, जिसकी पुष्टि नुआपाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) जी. आर. राघवेंद्र ने की है।
खुफिया सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि नारायण डोंगर के घने जंगलों में नक्सलियों ने अस्थायी कैंप बना रखा है। सूचना मिलते ही DVF और अन्य सुरक्षा बलों की टीम ने त्वरित अभियान चलाया और नक्सलियों के कैंप को नष्ट कर दिया।
भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़ी गई दो टिफिन बम (IEDs), जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई हैं। इन विस्फोटकों से नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बना सकते थे, लेकिन समय रहते हुए सुरक्षा बलों ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
