नक्सल प्रोत्साहन राशि 9 महीने से लंबित: नारायणपुर के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने से किया इनकार

नक्सल प्रोत्साहन राशि लंबित

नक्सल प्रोत्साहन राशि लंबित

नारायणपुर : राज्य के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में कार्यरत डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का धैर्य अब जवाब देने लगा है। पिछले 9 महीनों से लंबित नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि (CRMC) के भुगतान को लेकर नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्य को 2 से 3 घंटे तक रोककर विरोध दर्ज किया।

कठिन परिस्थितियों में भी निभा रहे जिम्मेदारी

स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि वे नक्सल घटनाओं के बाद पोस्टमार्टम, बम धमकी वाले क्षेत्रों में काम और दूरस्थ, सड़कविहीन इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने जैसे अत्यंत जोखिमभरे कार्यों को लगातार अंजाम दे रहे हैं। इसके बावजूद, उन्हें पिछले 9 महीनों से CRMC प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है, जिससे गहरी नाराजगी है।

सरकार पर लापरवाही का आरोप

डॉक्टरों और स्टाफ ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोंडागांव जैसे जिले में मार्च 2025 तक की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन नारायणपुर जैसे अति-संवेदनशील नक्सल क्षेत्र को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है और असंतोष बढ़ता जा रहा है।

पहले भी सौंप चुके हैं ज्ञापन

यह पहला विरोध नहीं है। 7 अगस्त 2025 को जब स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव जिला अस्पताल के निरीक्षण पर आए थे, तब भी स्वास्थ्यकर्मियों ने लंबित भुगतान को लेकर ज्ञापन सौंपा था। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

आंदोलन और तेज़ करने की चेतावनी

स्वास्थ्यकर्मियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लंबित CRMC राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे और आवश्यक सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ सकता है।

Youthwings