Naxal Attack In Chhattisgarh: अमित शाह के दौरे से पहले नक्सलियों का हमला, आत्मसमर्पित माओवादी और ग्रामीण की हत्या

Naxal Attack In Chhattisgarh

Naxal Attack In Chhattisgarh

Naxal Attack In Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने बीती रात एक आत्मसमर्पित माओवादी और एक ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है।

पामेड़ थाना क्षेत्र में घटी घटना

घटना बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के यमपुर सैंड्रा बोर गांव की है, जहां नक्सलियों ने देर रात घात लगाकर आत्मसमर्पित माओवादी वेको देवा और ग्रामीण समैया पर हमला कर दिया। दोनों को मुखबिरी के शक में मौत के घाट उतार दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि नक्सली पहले से गांव में डेरा डाले हुए थे और मौका पाते ही वारदात को अंजाम दे दिया।

एसपी ने दी जानकारी

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और इसकी तस्दीक के लिए पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है। शुरुआती जांच के आधार पर घटना को नक्सलियों की करतूत बताया जा रहा है, लेकिन पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

अमित शाह के दौरे से पहले बढ़ी हलचल

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे रायपुर में हाईटेक फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने के साथ-साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करेंगे और सुरक्षाबलों से मुलाकात भी करेंगे। ऐसे में शाह के दौरे से ठीक पहले हुई यह नक्सली वारदात सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

इलाके में फैली दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद से यमपुर और आसपास के गांवों में तनाव का माहौल है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। गांव में अतिरिक्त बलों की तैनाती की जा रही है ताकि किसी भी तरह की दोबारा अप्रिय घटना को रोका जा सके।

छत्तीसगढ़ सरकार और सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों पर लगातार दबाव बना रही हैं, लेकिन यह घटना बताती है कि जमीनी स्तर पर नक्सली अब भी हिंसा फैलाने की कोशिश में लगे हैं। अमित शाह के इस दौरे में नक्सलवाद पर कठोर रणनीति तय किए जाने की संभावना है।

Youthwings