नकटी विवाद पर कांग्रेस का दूसरा विधायक भी आया मोर्चे पर, चातुरी नंद ने कहा- गरीबों का घर उजाड़कर न बने विधायक कॉलोनी
सरायपाली विधायक ने मुख्यमंत्री साय को लिखा पत्र, बारिश में बुलडोजर कार्रवाई पर जताई नाराजगी, नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में प्रशासन की बेदखली कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव के बाद अब सरायपाली से कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने भी प्रस्तावित विधायक कॉलोनी में सरकारी आवास लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव में चल रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और विधायक कॉलोनी के लिए वैकल्पिक भूमि चुनने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भेजे पत्र में कहा कि बारिश के मौसम में गरीब परिवारों के आशियाने पर बुलडोजर चलाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि नकटी गांव में जारी कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास व उचित मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग
पत्र में विधायक ने कहा कि सरकार के पास नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां आधुनिक और सुव्यवस्थित विधायक कॉलोनी विकसित की जा सकती है। उनका कहना है कि गरीब परिवारों को बेघर कर विधायकों के लिए आवास बनाना उचित नहीं होगा।
पहले भी उठ चुकी है मांग
इससे पहले बिंद्रानवागढ़ से कांग्रेस विधायक **जनक राम ध्रुव** भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव की जगह नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग कर चुके हैं। अब कांग्रेस के एक और विधायक के इस रुख के बाद नकटी गांव का मुद्दा राजनीतिक रूप से और गर्माता नजर आ रहा है।
बेदखली कार्रवाई को लेकर बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि नकटी गांव में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की है। ग्रामीणों का दावा है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Read more-
आधी रात से घेराबंदी, हजार पुलिसकर्मियों के बीच नकटी गांव में बेदखली अभियान शुरू
