नकटी गांव बुलडोजर विवाद पर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले- गरीबों का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी मंजूर नहीं
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने विधायक कॉलोनी के लिए गरीबों के घर तोड़े जाने का लगाया आरोप, भाजपा विधायकों से भी CM को पत्र लिखने की अपील
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों के घर तोड़कर विधायक कॉलोनी बनाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस विधायकों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे गए पत्र का हवाला देते हुए भाजपा विधायकों से भी विधायक कॉलोनी के लिए दूसरी जगह की मांग करने की अपील की।
“30-40 साल से रह रहे लोगों के घर तोड़े गए”
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि नकटी गांव में 30-40 वर्षों से रह रहे लोगों के मकानों पर 29 जून को बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने करीब 85 मकान भी तोड़ दिए गए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने घर बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी।
विधायक कॉलोनी के लिए नई जगह चुनने की मांग
पीसीसी चीफ ने कहा कि यदि विधायक कॉलोनी बनानी है तो नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है। गरीब परिवारों को बेघर कर विधायकों के लिए आवास बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और जनक राम ध्रुव पहले ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव की बजाय दूसरी जगह विधायक कॉलोनी बनाने की मांग कर चुके हैं।
पुनर्वास व्यवस्था पर उठाए सवाल
दीपक बैज ने पुनर्वास व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को एक कमरे के मकान दिए जा रहे हैं, जबकि कई परिवारों में 20 से 25 सदस्य हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुनर्वास स्थल पर बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही मकानों की लागत का भुगतान कौन करेगा, इस पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
भाजपा विधायकों से भी की अपील
बैज ने भाजपा विधायकों और सांसदों पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनप्रतिनिधियों ने लोगों से उनके मकान नहीं टूटने देने का भरोसा दिया था।
उन्होंने भाजपा विधायकों से भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव की बजाय किसी अन्य स्थान पर विधायक कॉलोनी बनाने की मांग करने की अपील की।

सरकार से माफी और मुआवजे की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं, सरकार उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और उचित मुआवजा देकर उसी स्थान पर नया आवास उपलब्ध कराए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्तावित परियोजना से कुछ प्रभावशाली लोगों और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
मंत्रियों ने साधी चुप्पी
नकटी गांव विवाद पर राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने प्रतिक्रिया देने से इनकार किया। वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर विधायक अनुज शर्मा जवाब देंगे। अन्य भाजपा विधायकों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
Read more-
