Muhurat Trading 2025: दिवाली के शुभ अवसर पर बाजार में हरा निशान, सेंसेक्स 591 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,900 पार

Muhurat Trading 2025

Muhurat Trading 2025

Muhurat Trading 2025: दिवाली के खास मौके पर मंगलवार को हुई मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह का दौर चला। निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स मजबूती के साथ ऊंचे स्तर पर कारोबार करते नजर आए। संवत 2082 की शुरुआत सकारात्मक रही, जहां बाजार ने घरेलू मांग, मजबूत कॉर्पोरेट नतीजों और स्थिर आर्थिक माहौल के दम पर लचीलापन दिखाया।

बाजार में तेज शुरुआत
मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत में निफ्टी 25,900 के पार खुला, जबकि सेंसेक्स 84,600 के ऊपर पहुंच गया। सत्र के दौरान सेंसेक्स में 591 अंकों या 0.70% की तेजी दर्ज हुई, जो 84,954.63 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 में 57.70 अंकों या 0.22% की बढ़त रही, जो 25,900.85 पर समाप्त हुआ। आईटी, ऑटो, मेटल्स, फार्मा और बैंकिंग सेक्टर में खरीदारी का दबदबा रहा, जबकि ब्रॉडर मार्केट में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.33% और 0.7% ऊपर रहे।

तेज रफ्तार वाले शेयर
आज के कारोबार में कई शेयरों ने धमाल मचाया। डीसीबी बैंक के शेयर 5% उछले, साउथ इंडियन बैंक में 4% से ज्यादा की तेजी रही। टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के शेयर 6% चढ़े, जबकि ब्लैक बक के शेयर में 4% की बढ़त देखी गई। अन्य प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस, अदाणी पावर, स्विगी, इंफोसिस, सिप्ला, हुंडई मोटर्स इंडिया और टाटा मोटर्स में 1% से अधिक की तेजी रही। बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से सिर्फ 6 में गिरावट आई, जिसमें कोटक महिंद्रा बैंक में 1% की सबसे ज्यादा कमी रही। इंफोसिस में 1% की बढ़त रही।

बीएसई पर कारोबार का नजारा
बीएसई पर कुल 3,404 कंपनियों में कारोबार हुआ। इनमें 2,639 शेयरों में तेजी, 610 में गिरावट और 155 में कोई बदलाव नहीं हुआ। 122 शेयर 52 हफ्ते के हाई पर पहुंचे, जबकि 28 52 हफ्ते के निचले स्तर पर ट्रेड हुए। 119 शेयरों में अपर सर्किट और 51 में लोअर सर्किट लगा।

सोना-चांदी के दामों में गिरावट
शेयर बाजार की रौनक के बीच सोना-चांदी के भावों में भारी गिरावट आई। एमसीएक्स पर चांदी की कीमत ₹1.50 लाख प्रति किलो से नीचे फिसल गई, जो मंगलवार को करीब ₹8,000 प्रति किलो की कमी दर्शाती है। सोने में भी ₹2,500 प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज हुई। वैश्विक स्तर पर सोना $4,273.90 प्रति औंस पर 1.93% नीचे रहा, जबकि चांदी में भी दबाव दिखा।

मुहूर्त ट्रेडिंग का समय और महत्व
20 अक्टूबर को दिवाली मनाई गई, लेकिन शेयर बाजार में यह उत्सव 21 अक्टूबर को एक घंटे के विशेष सत्र में हुआ। ट्रेडिंग दोपहर 1:45 से 2:45 बजे तक चली। परंपरा के अनुसार, इस सत्र में निवेशक शुभ लाभ के लिए नए निवेश करते हैं और इन्हें लंबे समय तक पोर्टफोलियो में रखते हैं। ब्रोकरेज फर्मों का मानना है कि बाजार मजबूत बने रहेंगे, जहां कंजम्पशन, बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर चमकेंगे। निफ्टी के 28,000 के पार जाने की उम्मीद है।

Youthwings