MSP स्टील प्लांट में कर्मचारी की मौत, परिजनों ने प्लांट गेट पर दिया धरना, 50 लाख मुआवजा व नौकरी की मांग

रायगढ़। जिले के जामगांव स्थित एमएसपी स्टील एंड पावर प्लांट में सोमवार को हुए दिल दहला देने वाले हादसे के बाद मंगलवार को प्लांट के मुख्य द्वार पर भारी तनाव व्याप्त हो गया। चलती कन्वेयर बेल्ट में फंसकर कर्मचारी लक्ष्मण साहू की दर्दनाक मौत के विरोध में मृतक के परिजन, ग्रामीण और साथी कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, एक परिजन को स्थायी नौकरी, पत्नी को आजीवन पेंशन तथा दोनों बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की मांग रखी है।

 

जानकारी के अनुसार, अमोरा (जांजगीर-चांपा) निवासी लक्ष्मण साहू सोमवार को अपनी नियमित शिफ्ट में काम कर रहे थे। वे कन्वेयर बेल्ट पर स्टील प्लेट चिपकाने का कार्य कर रहे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि सुरक्षा नियमों की घोर अनदेखी करते हुए बेल्ट को चालू हालत में ही काम कराया जा रहा था। अचानक लक्ष्मण का हाथ बेल्ट में फंस गया और वे तेजी से खिंचते चले गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

 

हादसे के बाद से प्लांट के कर्मचारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि लंबे समय से औद्योगिक सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी हो रही है। यदि बेल्ट को बंद करके काम कराया जाता तो यह हादसा होने से बच सकता था। कर्मचारियों ने बताया कि एमएसपी प्लांट में पहले भी सुरक्षा उपकरणों की कमी और प्रोटोकॉल उल्लंघन के कारण कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई।

 

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और ग्रामीण प्लांट के मुख्य गेट पर जमा हो गए और धरना शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि लक्ष्मण परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। इसलिए उचित मुआवजा, स्थायी नौकरी और बच्चों की शिक्षा-पेंशन की व्यवस्था जरूरी है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

 

सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समझाने की कोशिश कर रहे हैं। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक लिखित में उचित मुआवजा और प्लांट में ठोस सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।

Youthwings