MPESB Result: वनरक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी; इतने अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई
भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 का आधिकारिक परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म करते हुए मंडल ने कुल 14,950 अभ्यर्थियों को पास कर दिया है जो अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण जाएंगे।
जानिए किस पद के लिए कितने गुना अभ्यर्थी चुने गए
मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक मेरिट और आरक्षण के आधार पर अगले चरण का चयन किया गया है:
सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी: रिक्त पदों के 10 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है।
वनरक्षक एवं क्षेत्ररक्षक: रिक्त पदों के 5 गुना उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
परीक्षा की तिथि: इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 4 से 20 जून के बीच किया गया था।
अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर बना रिजल्ट: प्राप्तांक फिलहाल नहीं होंगे शो
परीक्षा के बाद जारी की गई आदर्श उत्तर कुंजी (Model Answer Key) पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां ली गई थीं। विषय विशेषज्ञों की समिति द्वारा जांच के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की गई, जिसके आधार पर यह परिणाम घोषित हुआ है। वहीं ऑनलाइन फॉर्म भरते समय दस्तावेज जमा नहीं कराए गए थे, इसलिए अगले चरण में संबंधित विभाग अभ्यर्थियों की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि और एमपी का मूल निवासी होने की पात्रता की गहन जांच करेंगे।
