Morning News: छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों का दौरा, विभागीय समीक्षा बैठकें और सांस्कृतिक कार्यक्रम आज
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे एक निजी होटल में विभागीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा मौजूद रहेंगे।
सुबह 11 बजे से बैठकों का दौर शुरू होगा। पहली विभागीय बैठक 11 बजे से 12:45 बजे तक होगी, जबकि दूसरी समीक्षा बैठक 12:45 से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 से 3 बजे तक भोजन अवकाश रहेगा। इसके बाद 3 बजे से 4:15 बजे तक वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा बैठक होगी। नक्सलवाद और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी बैठकों में शामिल होंगे। अमित शाह कल बस्तर पंडुम के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।
मनोहर लाल खट्टर का एकदिवसीय रायपुर दौरा
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज एकदिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर आएंगे। वे दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से राज्य अतिथि गृह ‘पहुना’ जाएंगे।
दोपहर 1 बजे न्यू सर्किट हाउस में वे प्रेस वार्ता करेंगे। इसके बाद एक निजी होटल में आयोजित बजट संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बजट के विभिन्न पहलुओं और केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। शाम को वे दिल्ली रवाना होंगे।
भारत रंग महोत्सव का आज समापन
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के आयोजन में चल रहे 25वें भारत रंग महोत्सव का आज समापन होगा। दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित इस महोत्सव में कई रंगमंचीय प्रस्तुतियां हुईं।
महोत्सव की शुरुआत ‘पारो’ नाटक के मंचन से हुई थी। समापन दिवस पर भी विभिन्न नाटकों की प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए आयोजित की जाएंगी।
