Morning News: सीएम साय का आज राजधानी दौरा, मंत्री राजवाड़े पेश करेंगी विभागीय रिपोर्ट कार्ड, नेशनल ट्राइबल गेम्स ट्रायल शुरू.. पढ़ें और भी बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। सुबह 11:30 बजे वे मंत्रालय में विभागीय बैठक लेंगे। दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक कार्यालयीन कार्यों में रहेंगे। शाम 5 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में VB-GRG बिल (विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण) को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान वे छत्तीसगढ़ राज्य (विकसित भारत-जी राम जी) अधिनियम, 2025 के बारे में भी विस्तृत जानकारी देंगे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पेश करेंगी दो साल का रिपोर्ट कार्ड
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े आज अपने विभाग की दो साल की उपलब्धियां जनता के सामने रखेंगी। दोपहर 12:30 बजे नया रायपुर में प्रेस वार्ता होगी। मंत्री राजवाड़े विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी देंगी।
आज से शुरू नेशनल ट्राइबल गेम्स के ट्रायल
फरवरी में रायपुर और जगदलपुर में होने वाले नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ के आदिवासी खिलाड़ियों का चयन 6 से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में होगा। ट्रायल में राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के अलावा शहरों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।
खेल संचालनालय ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर 8871419609 और वेबसाइट जारी की है। ट्रायल स्थल पर ऑफलाइन पंजीयन की भी व्यवस्था है। संचालक खेल श्रीमती तनुजा सलाम ने बताया कि सात खेलों में वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी के ट्रायल रायपुर में होंगे। तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के ट्रायल बिलासपुर में आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर में ट्रायल का कार्यक्रम
6 जनवरी: सुबह 9 बजे से स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में वेटलिफ्टिंग
7 जनवरी: सुबह 9 बजे से कुश्ती
7 और 8 जनवरी: सुबह 9 बजे से फुटबॉल
7 और 8 जनवरी: सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी
खिलाड़ियों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल कॉपी साथ लानी होगी। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में आयु सीमा का कोई बंधन नहीं है।
दिल्ली में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष चयन पर आज मंथन
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर दिल्ली में आज साक्षात्कार और मंथन होगा। राष्ट्रीय संगठन के बुलावे पर प्रदेश से पांच नेत्रियां शामिल होंगी। महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा समेत वरिष्ठ नेताओं की कमेटी के सामने साक्षात्कार होगा।
दावेदारों में विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव, ममता चंद्राकर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा शामिल हैं। चयन का आधार सदस्यता अभियान में बेहतर प्रदर्शन, जनप्रतिनिधित्व और जातीय समीकरण माना जा रहा है। पद वर्तमान में आदिवासी कोटे में था, लेकिन अब ओबीसी समीकरण हावी दिख रहा है।
आरंग में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक
आरंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आज दोपहर 1 बजे राजीव भवन आरंग में होगी। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे की विशेष उपस्थिति रहेगी। आरंग विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलए की उपस्थिति अनिवार्य है। बैठक में संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
बिहान की महिलाओं का राज्यस्तरीय प्रदर्शन
एनआरएलएम बिहान सक्रिय समूह की महिलाएं अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर आज दोपहर 12 बजे मोतीबाग के पास राजीव गांधी चौक में प्रदर्शन करेंगी। मांगों में नियमितीकरण, नियुक्ति पत्र जारी करना, मानदेय में वृद्धि (वर्तमान 1910 रुपये मासिक को जीने लायक स्तर तक बढ़ाना) और छत्तीसगढ़ न्यूनतम वेतन अधिनियम के अनुसार मानदेय शामिल हैं। प्रांताध्यक्ष पद्मा पाटिल, महासचिव बिंदू यादव और सलाहकार विश्वजीत हारोडे ने प्रदर्शन की जानकारी दी।
आज राजधानी और प्रदेश में राजनीतिक, खेल और सामाजिक गतिविधियां चरम पर रहेंगी।
