“चाचा हमारे मंत्री हैं” -मंत्री Tank Ram Verma के भतीजे पर मारपीट और लूट का आरोप

Tank Ram Verma

Tank Ram Verma

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राजनीति और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राज्य के कैबिनेट मंत्री Tank Ram Verma के भतीजे कृष्णा उर्फ राजा वर्मा पर पेट्रोल पंप सुपरवाइजर से मारपीट और लूट का गंभीर आरोप लगा है।

पीड़ित का आरोप – “मंत्री के भतीजे ने धमकी दी”

पीड़ित विनोद दुबे के मुताबिक, 9 अगस्त की रात वह ड्यूटी पर था, तभी कृष्णा वर्मा पेट्रोल भरवाने पहुंचे। देरी होने पर विवाद हुआ और कृष्णा ने उसे पास के ढाबे में बुलाया। वहां पहले से मौजूद 15-20 लोगों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसका मोबाइल और नकदी भी छीन ली गई। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान कृष्णा ने धमकी दी – “चाचा हमारे मंत्री हैं।”

पुलिस ने ‘लूट’ की धारा हटाई

शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने FIR से ‘लूट’ की धारा हटा दी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जांच में लूट साबित नहीं हुई है। वहीं, मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और कानून सबके लिए समान है।

कांग्रेस का पलटवार

इस मामले पर कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि मंत्री अपने भतीजे को बचाने में लगे हैं और पुलिस मामले को दबा रही है। उन्होंने कहा कि एफआईआर का पुलिस वेबसाइट से गायब होना इस बात का सबूत है कि प्रशासन आरोपों को छुपाने की कोशिश कर रहा है।

यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है और इसे लेकर राज्य में सियासी बहस तेज हो गई है।

Youthwings