बिजली बिल नहीं भरने का खामियाजा: मेडिकल हॉस्टल में दो दिन से बिजली-पानी बंद , सैकड़ों MBBS छात्र परेशान

MBBS Hostel Electricity Bill

पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थायी हॉस्टल में बिजली आपूर्ति बंद होने से करीब 100 एमबीबीएस छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग ने लगभग 2.5 लाख रुपये का बकाया बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काट दिया, जिससे छात्र दो दिनों तक उमस, अंधेरे और पानी की किल्लत के बीच रहने को मजबूर रहे।

बिल बकाया होने का खुलासा जांच के बाद हुआ

जब लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं हुई तो छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की। इसके बाद जानकारी मिली कि हॉस्टल का बिजली बिल कई महीनों से लंबित था। बकाया राशि अधिक होने के कारण बिजली विभाग ने नियमानुसार सप्लाई बंद कर दी।

पानी की समस्या ने बढ़ाई मुश्किल

बिजली नहीं होने से हॉस्टल में मोटर भी बंद हो गई, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। छात्रों को पीने के पानी से लेकर दैनिक उपयोग तक की जरूरतों के लिए परेशानी उठानी पड़ी। गर्म मौसम में बिजली और पानी दोनों की कमी ने स्थिति और गंभीर बना दी।

read more : NEET पेपर लीक विवाद: जंतर-मंतर पर छठे दिन भी जारी प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

स्थायी छात्रावास का निर्माण अब भी अधूरा

कॉलेज परिसर में बनने वाला स्थायी एमबीबीएस छात्रावास अभी तक तैयार नहीं हो पाया है। इसी वजह से पिछले वर्ष छात्रों के आंदोलन के बाद कॉलेज प्रशासन ने शांति नगर स्थित एक भवन किराए पर लेकर उसे अस्थायी हॉस्टल के रूप में शुरू किया था। वर्तमान में इसी भवन में प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के छात्र रह रहे हैं।

प्रबंधन ने बताया जल्द बहाल हुई व्यवस्था

छात्रावास प्रबंधन के अनुसार अवकाश के कारण भवन स्वामी समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाए थे, जिसके चलते विद्युत कनेक्शन काट दिया गया। बाद में बकाया राशि जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई और बिजली आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

Youthwings