गणित शिक्षक की कमी से भड़के छात्र, स्कूल के गेट पर जड़ा ताला; प्रशासन से दो टूक मांग

आरंग छात्र प्रदर्शन

आरंग: छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र के तमासिवनी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में गणित शिक्षक की कमी को लेकर विद्यार्थियों का गुस्सा सड़क पर आ गया। लंबे समय से शिक्षक नहीं होने से नाराज छात्रों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया और जल्द गणित शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग उठाई।

गणित की पढ़ाई हो रही प्रभावित

प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक, स्कूल में काफी समय से गणित विषय के शिक्षक की कमी है। शिक्षक के अभाव में गणित की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने में परेशानी आ रही है। छात्रों का कहना है कि गणित बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में लंबे समय तक शिक्षक की व्यवस्था नहीं होने से उनके भविष्य पर भी असर पड़ सकता है।

read more: इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पताल में ‘मौत का तांडव’! शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 15 मासूम बच्चों की मौत

छात्रों ने स्कूल में की तालाबंदी

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। परिजन भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की कि स्कूल में जल्द से जल्द स्थायी गणित शिक्षक की नियुक्ति की जाए या तब तक वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन को आगे भी जारी रखा जा सकता है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, शुरू हुई बातचीत

स्कूल में तालाबंदी और प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य से भी चर्चा कर समस्या के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से छात्रों की समस्या के समाधान के लिए बातचीत शुरू कर दी गई है। अब विद्यार्थियों को गणित शिक्षक की व्यवस्था कब तक मिलती है, इस पर नजर बनी हुई है।

Youthwings